User:Prerna2014

From Wikipedia, the free encyclopedia

अपनी बात.......

विश्व के प्रत्येक देश में भारतीय किसी न किसी हैसियत से रह रहे हैं, कोई-कोई पीढ़ी दर पीढ़ी रहते चले आये हैं और कोई-कोई अपने व्यवसाय, नौकरी या अध्ययन के कारण कुछ समय के लिए जाते हैं। इन्होंने विदेशों के अधिकांश शहरों में अपनी एक अलग दुनिया बना रखी है जहां वे पूरी तरह भारतीय परम्पराओं, संस्कृति और संस्कारों के साथ जीते हैं, उत्सव मनाते हैं तथा भारतीय व्यंजनों का आनंद उठाते हैं। उनका दायरा धीरे-धीरे बढ़ रहा है और आज कई देशों में भारतीय उच्च पदों पर ही नहीं, सर्वोच्च पद पर हैं और अपना लोहा मनवा रहे हैं। ये वे लोग हैं जो अपनी मिट्टी से, अपनी जड़ों से, पूरी तरह जुड़े हैं। भारतीयता उनकी जीवन शैली का महत्वपूर्ण अंग है और वे भारतीय परम्पराओं, संस्कृति और संस्कारों का ही नहीं, भारतीय साहित्य का पोषण करते हैं, उसकी महत्ता प्रतिपादित करते हैं और स्वीकार्यता की दिशा में प्रयासरत रहते हैं। यही कारण है कि वर्तमान में कई देशों में भारतीयों को अत्याधिक सम्मान की दृष्टि से देखा जाने लगा है और भारतीय साहित्य विशेषकर हिंदी साहित्य और हिंदी के प्रति लोगों में रूचि और जागरूकता आई है। हिंदी साहित्य के साथ-साथ हिंदी की अध्यात्मिक पुस्तकें भी अपना प्रभाव क्षेत्र बढ़ा रही हैं। वहां रहने वाले लोग अच्छा साहित्य विशेषकर हिंदी साहित्य लिख भी रहे हैं और अधिकांश की पृष्ठभूमि भारत देश ही होता है। यह सुखद संकेत हैं कि वे पुस्तकें विदेशों के साथ-साथ भारत में भी लोकप्रिय हो रही हैं और भारतीयता, भारतीय साहित्य और विशेषकर हिंदी का व्यापक प्रचार-प्रसार हो रहा है। विदेशों में ऐसे कई भारतीय मूल के लेखक हैं जिन्होंने अपने जीवन काल में बहुत संघर्ष किये हैं और अपनी लगन और धुन के पक्के ये हिंदी साहित्य के प्रति समर्पित होकर कार्य करते रहे हैं। ऐसे ही एक जुझारू और लगनशील लेखक अभिमन्यु अनत को केन्द्रित कर यह अंक प्रस्तुत है इसमें उनके लिखे गये सम्पादकीय, व्याख्यान, कहानी, लघुकथा, कविता, संस्मरण, साक्षात्कार, आलेख आदि को संक्षेप में समेटने का प्रयास किया गया है। अभिमन्यु अनत पर अंक केन्द्रित करने के लिए और सामग्री उपलब्ध कराने में वरिष्ठ साहित्यकार कमल किशोर गोयनका जी की महती भूमिका रही है, प्रेरणा परिवार इसके लिए उनका आभार व्यक्त करता है। अभिमन्यु अनत पर यह अंक केन्द्रित करने के पीछे मुख्य उद्देश्य यही है कि किस तरह एक भारतीय विदेश में अपना जीवन खेतीहर मजदूर से आरंभ कर बस कंडक्टर, हिन्दी अध्यापक से प्रगति करते-करते प्रकाशन विभाग के अध्यक्ष पद तक पहुंचकर 24 वर्ष तक लगातार कार्य करते रहे। यह उनकी लगनशीलता, कर्मठता और जुझारुपन का ऐसा उदाहरण है जो सदैव प्रेरणा देता रहेगा। यही नहीं उन्होंने लगभग 75 से अधिक पुस्तकें हिन्दी में लिखी हैं जो साहित्य की प्रत्येक विधा में हैं उनमें उपन्यास,कहानीसंग्रह, नाटक, कविता, जीवनी, अनुवाद, आत्मकथा मुख्य रुप से हैं। ऐसे विरल लेखक कम ही देखने को मिलते हैं जिन्होंने विदेशों में रह कर विषम परिस्थितियों में जीवन यापन कर अपनी भाषा हिन्दी में साहित्य की विभिन्न विधाओं में इतनी पुस्तकें लिखी हैं जिसके लिए उन्हें पुरस्कार भी मिले हैं और सम्मानित भी किया गया है, उन्हें लगभग 27 प्रतिष्ठित पुरस्कारों एवं सम्मान से नवाजा गया है। ऐसे लेखक पर मारीशस को ही नहीं भारत को भी गर्व करना चाहिए और भारत के सुविधाजीवी रचनाकारों को प्रेरणा लेना चाहिए और तमाम तरह के गुटों, तिकड़मों, आपसी टांगखिंचाई को तिलांजलि देकर मात्र लेखन और स्वस्थ लेखन को प्राथमिकता देना चाहिए। मारीशस में भारतीय मजदूर के रुप में लगभग 180 वर्ष पूर्व ले जाये गये थे जहां उन्होंने संघर्ष कर अपनी अस्मिता को शीर्ष पर पहुंचाने के उपक्रम किये और सफल रहे। हालांकि प्रारंभ में तो उन्होंने नर्क से भी बदतर जिंदगी जी है, ऐसा उन्होंने अभिमन्यु अनत को बताया। परंतु उनकी जिजीविषा ने उन्हें संघर्ष के लिए प्रेरित किया और वे अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहे। 'रामायण ने उनके जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और वे अपनी भारतीय संस्कृति की प्रेरणा से क्षमा, सहनशीलता और भाईचारे की भावना लिए हुए सभी जाति और धर्म के लोग एक राष्ट्र और एक संस्कृतिक के रुप में जी रहे हैं। मारीशस में हिन्दू-मुसलमानों के धार्मिक भेद के बावजूद उनमें सांस्कृतिक एकता है। तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिंहराव जी ने मारीशस यात्रा के दौरान कहा था कि मारीशस में भारतीय संस्कृति, धर्म, जीवनमूल्य, परम्परा, रीति-रिवाज और लोक संस्कारों को देखते हुए लगता है कि एक दिन शायद भारत को अपने इन मूल्यों की तलाश में मारीशस पहुंचना पड़े। भारतीय संस्कृति का प्रमाण है कि लघु भारत कहलाने वाले मारीशस में हिन्दू, मुसलमान, ईसाई, फ्रांसीसी, अंगे्रज, चीनी आदि सभी भाईचारे से रहते हैं क्योंकि यहां भारतीयों ने अपनी संस्कृति के साथ दूसरों की संस्कृति का आदर कर उसे अपनाया है। भारतीय यह मारीशस में ही नहीं बल्कि विदेशों के हर क्षेत्र में जहां वह समूह के रुप में रह रहे हैं अपनी संस्कृति को जीवित ही नहीं रखे हुए हैं बल्कि उसका प्रचार-प्रसार कर विदेशियों में भी उसके प्रति पैठ बना रहे हैं और इसमें भारतीय साहित्य विशेषकर हिन्दी साहित्य भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके लिए यह भी आवश्यक है कि अपने देश में भी हिन्दी साहित्य इतना लोकप्रिय बने और जन-जन तक पहुंचे और भाषा को लेकर कोई विवाद न हो बल्कि हिन्दी देश की स्वीकार्य प्रथम भाषा बने, इसका यह अर्थ नहीं कि अंगे्र्रजी या अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की उपेक्षा की जाय बल्कि उन्हें भी उतनी ही महत्ता आदर और सम्मान मिले। इस अंक में स्तंभ 'बहस के लिए तथा लघु कथा नहीं जा रहा है, अभिमन्यु अनत विविध के साथ बाकी स्तंभ कहानी, धारावाहिक उपन्यास, कविता, गजल, चिंतन, फिल्म, पुस्तक चर्चा, रपट एवं लघु पत्रिका अभियान यथावत दिये जा रहे है। प्रेरणा को सहयोग करने वाले सभी रचनाकारों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए यही अपेक्षा है कि वे अपना सहयोग बनाए रखेंगे और जिनसे सहयोग नहीं मिला है, वे भी सहयोग करेंगे। कुछ प्राप्त और आमंत्रित रचनाएं इस अंक में नहीं जा सकीं, उनसे क्षमायाचना।